Mumbai: महाराष्ट्र में मुंबई ने अपने नाम इस कोरोना काल में बड़ी उपलब्धि की है। मुंबई एक करोड़ लोगों को कोरोना टीका देने वाला देश का पहला जिला बन गया है। CoWIN पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई ने अब तक 1,00,63,497 लोगों को वैक्सीन की खुराक दी है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मुंबई में अबतक 72,75,134 को पहली खुराक मिली है, जबकि 27,88,363 को दोनों मिली हैं। मुंबई जिले में टीकाकरण अभियान 507 जगहों पर चल रहा है। इसमें से 325 सरकारी केंद्र हैं जबकि 182 निजी केंद्र हैं।
बता दें कि देश में पिछले 30 दिनों में 27 अगस्त को सबसे ज्यादा कोरोना के टीके लगाए गए हैं। 27 अगस्त को 1,77,017 लोगों को टीका लगाया गया। CoWIN पोर्टल के अनुसार, इसके बाद 21 अगस्त को 1,63,775 खुराक और 23 अगस्त को 1,53,881 खुराक दी गईं।
वहीं शुक्रवार को मुंबई में 422 नए कोविड केस दर्ज किए गए। मुंबई में लगातार तीसरे दिन कोरोना के 400 से अधिक नए केस दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 1 और 2 सितंबर को क्रमश: 416 और 441 मामले दर्ज किए गए थे।
देश में कोरोना के मामलों में मामूली कमी
शनिवार सुबह तक देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के कुल 42 हजार, 618 नए मरीज सामने आए हैं। इसमें 29 हजार ,322 मरीज सिर्फ केरल से रिपोर्ट हुए हैं। इस दौरान केरल में 131 मरीजों की मौत भी दर्ज हुई है। पूरे देश में इस बीमारी से 330 लोगों की मौत हुई है, जबकि स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 36 हजार, 385 है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में पॉजिटिविटी दर में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर 2.50 प्रतिशत रही है। देश में अबतक कोरोना से चार लाख, 40 हजार, 225 लोगों की मौत हो चुकी है। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर चार लाख, 05 हजार, 681 है।