इस्लामाबाद, 20 फरवरी: पाकिस्तान के समुद्री प्राधिकारियों ने देश के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में 31 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी पांच नौकाओं को जब्त कर लिया है । यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार (20 फरवरी) को दी।
पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (PMSA) ने कहा कि उसने शुक्रवार को पाकिस्तान विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में गश्त के दौरान घुसपैठ करने वाली नौकाओं को पकड़ा।
PMSA ने कहा कि उनके एक ‘‘जहाज ने 31 चालक दल के साथ मछली पकड़ने वाली पांच भारतीय नौकाओं को पकड़ा।’’
उन्होंने कहा कि नौकाओं को पाकिस्तानी कानून और समुद्री कानून पर संयुक्त राष्ट्र संधि के अनुसार आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए कराची ले जाया गया है ।
पाकिस्तान और भारत एक दूसरे के मछुआरों को जलसीमा का उल्लंघन करने के लिए अक्सर गिरफ्तार करते हैं।