Prophet Mohammad Remark: बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) के खिलाफ मुंबई में एक टीवी शो के दौरान पैगंबर मुहम्मद पर उनकी कथित टिप्पणी को लेकर मामला (FIR) दर्ज किया गया है। उन पर इस्लाम के पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। पुलिस ने बताया नूपुर शर्मा के खिलाफ धार्मिक भावनाओं (religious sentiments) को आहत करने, द्वेषभाव फैलाने व दूसरे धर्म के खिलाफ टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
भारतीय सुन्नी मुसलमानों के सुन्नी बरेलवी संगठन रज़ा अकादमी की शिकायत के बाद मुंबई के पाइधोनी पुलिस स्टेशन (Mumbai Police) क्षेत्र में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 295ए, 153ए और 505बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुझे मिल रही रेप व जान से मारने की धमकी
इससे पहले शुक्रवार को, शर्मा ने आरोप लगाया था कि ज्ञानवापी मस्जिद मामले पर एक टीवी चैनल पर उनकी हालिया बहस में से एक “तथाकथित तथ्य-जांचकर्ता” द्वारा भारी संपादित वीडियो प्रसारित करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर मौत और बलात्कार की धमकी मिल रही है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने दावा किया कि उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने व रेप की धमकियां मिल रही हैं। नूपुर ने खुद को मिल रहे धमकी भरे संदेशों के बारे में दिल्ली पुलिस को ट्विटर के जरिए सूचना दी। उन्होंने कहा सोशल मीडिया के माध्यम से मुझे व मेरे परिवार के सदस्यों के खिलाफ सिर काटने की धमकी भी मिली है।
कौन हैं नूपुर शर्मा
भाजपा नेता नूपुर शर्मा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़कर चर्चा में आई थीं। वह 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार थीं। वर्तमान में वह भाजपा दिल्ली की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की सदस्य हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2008 में एवीबीपी की ओर से छात्र संघ चुनाव जीतने वाली एकमात्र उम्मीदवार थीं।