रामानंद सागर (Ramanand Sagar) के टीवी शो ‘रामायण’ (Ramayan) में रावण का किरदार निभाकर लोगों के दिलों पर राज करने वाले और रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने से उन्होंने 83 साल की उम्र में आखिरी सांस ली।
अरविंद त्रिवेदी ने करीब 300 फिल्मों में काम किया है। धार्मिक और सामाजिक गुजराती फिल्मों के जरिए उन्हें एक अलग पहचान मिली। अरविंद त्रिवेदी ने ‘संतुरंगी’, ‘होटल पद्मनी’, ‘कुंवर बैनू मामेरु’, ‘जैसल-तोरल’ और ‘देश रे जोया दादा परदेश जोया’ जैसी कई सफल गुजराती फिल्में दी हैं। अरविंद त्रिवेदी ने ‘पराया धन’, ‘आज की ताजा खबर’ जैसी हिंदी फिल्मों में भी काम किया है।
गुजरात सरकार की ओर से देश-दुनिया के कई संगठनों ने उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। उन्होंने कई फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं भी निभाई हैं। गुजराती और हिंदी फिल्मों में सफल रहे अरविंद कई सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए थे और निजी जिंदगी मेंउन्हें लोगों का बहुत प्यार व सम्मान हासिल था।
रावण के निधन पर लक्ष्मण ने उन्हें किया याद
रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘बहुत दुखद समाचार है कि हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई अब हमारे बीच नहीं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मैंने अपने पिता समान, मेरे गाइड और बेहतरीन इंसान को खो दिया।’
Bahut dukhad Samachar hai ki Hamare Sabke Pyare Arvind bhai (Ravan of Ramayan) Ab Hamare bich Nahin Rahe😥 Bhagwan Unki Atma ko Shanti De…I am speechless I lost father figure, my guide, well wisher & gentleman … 🙏😥 pic.twitter.com/RtB1SgGNMh
— Sunil lahri (@LahriSunil) October 6, 2021
रामायण में सीता का किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी और लिखा, ‘दिल से उनके परिवार के प्रति संवेदना, एक बहुत ही बेहतरीन इंसान।’
रामायण में प्रभु राम का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल ने अरविंद त्रिवेदी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक, धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया। नि:संदेह वे सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे।’
आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक,धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया। नि:संदेह वे सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे।🙏💐
— Arun Govil (@arungovil12) October 6, 2021
अभिनेता अरविंद त्रिवेदी को 2002 में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) का कार्यवाहक अध्यक्ष नामित किया गया था। अरविंद त्रिवेदी ने 20 जुलाई 2002 से 16 अक्टूबर 2003 तक सीबीएफसी के प्रमुख के रूप में कार्य किया। 1991 में अरविंद त्रिवेदी भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में साबरकांठा निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य के रूप में चुने गए और 1996 तक सांसद रहे।