Best Selling Electric Scooter: बढ़ती पेट्रोल-डीज़ल की मार ने भारत में लोगो को कमर कसने पे मजबूर कर दिया है, पेट्रोल-डीज़ल की मार से निजात पाने के लिए देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में हर महीने इलेक्ट्रिक कारों और अन्य वाहनों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री भी काफी बढ़ रही है, जोकि एक अच्छी बात है। पिछले महीने, फरवरी 2022 में, भारत में कुल 54,557 दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन बेचे गए, जिसमें 32,416 हाई-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे गए। बिक्री का यह आंकड़ा जनवरी 2022 के आंकड़े से 18 फीसदी ज्यादा है।
वहीं साल-दर-साल बिक्री के आंकड़े की तुलना में 444 प्रतिशत की चौंकाने वाली वृद्धि हुई है। इन आंकड़ों को देखकर लगता है कि भारत में लोग अब पेट्रोल से चलने वाले दोपहिया वाहनों के विकल्प के तौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटर को अपना रहे हैं। देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में नई कंपनियां प्रवेश कर रही हैं। हीरो इलेक्ट्रिक, ओकिनावा, एम्पीयर, ओला इलेक्ट्रिक और एथर एनर्जी जैसी कंपनियां कुछ प्रमुख कंपनियां हैं जो इलेक्ट्रिक स्कूटर के लोकप्रिय निर्माताओं में से हैं।
हीरो इलेक्ट्रिक (Hero Electric Scooter)
हीरो इलेक्ट्रिक भारतीय बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक टू व्हीलर कंपनी है। हीरो इलेक्ट्रिक पिछले एक दशक से सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचने वाली कंपनियों में टॉप पर बनी हुई है। हीरो इलेक्ट्रिक ने फरवरी 2022 में 7,356 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे, जो पिछले साल इसी महीने में 2,194 यूनिट से तीन गुना अधिक है। हालांकि, हीरो इलेक्ट्रिक की बिक्री में जनवरी 2022 की तुलना में थोड़ी गिरावट आई है, जब कंपनी ने 7,763 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे थे।
हीरो इलेक्ट्रिक ने 2021 में 46,260 यूनिट इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे, जबकि कंपनी ने महज एक महीने में 7,000 से ज्यादा स्कूटर बेचे हैं।
ओकिनावा (Okinawa Electric Scooter)
फरवरी 2022 तक, ओकिनावा ऑटो टेक ने भारत में शीर्ष इलेक्ट्रिक दोपहिया निर्माताओं की सूची में दूसरा स्थान बरकरार रखा है। फरवरी 2022 में इस कंपनी की बिक्री पांच गुना बढ़ गई है और 5,923 यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है। जबकि पिछले साल फरवरी 2021 में कंपनी ने केवल 1,067 यूनिट इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे थे।
फिलहाल कंपनी अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ओखी 90 लॉन्च करने की तैयारी में है। इसका सीधा मुकाबला ओला एस1 प्रो (OLA S1 Pro) से होगा। ओकिनावा ने पिछले साल कुल 29,945 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे थे। जबकि इस साल के पहले दो महीने जनवरी और फरवरी में कंपनी अब तक 11,536 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेच चुकी है। अब कंपनी अपने नए मॉडल के लॉन्च के साथ दोगुनी बिक्री की उम्मीद कर रही है।
एम्पीयर व्हीकल्स (Ampere Vehicles)
एम्पीयर व्हीकल्स रियो, रियो एलीट, मैग्नस ईएक्स, मैग्नस प्रो और ज़ील जैसे ईवी बनाती है। यह कंपनी देश की तीसरी सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता कंपनी बनकर उभरी है। कंपनी ने फरवरी 2022 में 4303 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे हैं, जबकि पिछले साल इसी महीने यानी फरवरी 2021 में कंपनी ने केवल 806 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे थे।
ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric)
साल 2021 में इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट में ओला कंपनी की एंट्री ने खूब धूम मचाई थी लेकिन बिक्री के मामले में यह कुछ बड़ा कमाल नहीं दिखा पाई। Ola Electric ने पिछले साल अक्टूबर से S1 और S1 Pro स्कूटर की बुकिंग शुरू की थी और लोगों ने काफी प्री-ऑर्डर भी दिए हैं। लेकिन ओला अब तक केवल 3,904 स्कूटर ही डिलीवर कर पाई है।
एथर एनर्जी (Ather Energy)
ईवी स्टार्टअप कंपनियों में एथर एनर्जी का एक अलग नाम था। बैंगलोर स्थित इस ईवी स्टार्टअप कंपनी ने पिछले महीने इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री में गिरावट दर्ज की है। कंपनी ने फरवरी 2022 में 2,229 स्कूटर बेचे हैं। हालांकि, यह फरवरी 2021 के आंकड़े से काफी अधिक है क्योंकि कंपनी तब केवल 626 यूनिट ही बेच पाई थी। अन्य कंपनियों की तरह एथर की बिक्री में भी इजाफा हुआ है लेकिन इसकी यूनिट की बिक्री उनके मुकाबले कम है।